ग्राम पंचायत ममलीग में ‘प्रशासन गांव की ओर’ कार्यक्रम आयोजित

कण्डाघाट विकास खण्ड की ग्राम पंचायत ममलीग में आज ‘प्रशासन गांव की ओर’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट डाॅ. विकास सूद ने की |कार्यक्रम के अन्तर्गत कण्डाघाट विकास खण्ड की ग्राम पंचायत ममलीग, काहला, सतड़ोल, जधाणा, सायरी, देलगी तथा कनैर के लोगों की शिकायतें सुनीं गईं तथा सम्बन्धित अधिकारियों को इनके त्वरित निपटारे के निर्देश दिए गए।

डाॅ. विकास सूद ने कहा कि सुशासन सप्ताह के अन्तर्गत ‘प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम’ 26 दिसम्बर, 2021 तक आयोजित किया जा रहा है। इसके अन्तर्गत सोलन जिला की विभिन्न ग्राम पंचायतों में लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित निवारण किया जाएगा। जन शिकायतों के समाधान एवं प्रशासनिक सुधार तथा लोक शिकायत विभाग द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं में सुधार के उद्देश्य से कार्यान्वित किए गए इस राष्ट्र व्यापी अभियान के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई।उपमण्डलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को समस्याओं को एक सप्ताह के भीतर समाधान के निर्देश दिए।

‘प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम’ में 40 मांगे प्रस्तुत की गईं। इस दौरान प्राप्त 12 शिकायतों में से 09 का निपटारा किया गया। ‘प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम’ में पंचायत सम्बन्धित 22 विभिन्न प्रमाण बनाए गए, 06 वरिष्ठ नागरिकों के प्रपत्र भरे गए। सामाजिक सुरक्षा पैंशन के 10 मामले सुलझाए गए। 08 इंतकाल किए गए। 02 शपथ पत्र बनाए गए। बंदूक के 02 लाइसेंस बनाए गए। 19 राजस्व प्रमाण पत्र बनाए गए। 110 लोगों के ई-श्रम कार्ड बनाए गए। कार्यक्रम में विभिन्न ग्राम पंचायतों के गांवों के लिए जल शक्ति विभाग द्वारा 88 टेस्टिंग किट वितरित की गईं।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत ममलीग के प्रधान हरीचन्द, ग्राम पंचायत काहला की प्रधान रीता देवी, ग्राम पंचायत सतड़ोल के प्रधान हरविन्द्र सिंह, ग्राम पंचायत जधाणा के किशोर कुमार, ग्राम पंचायत सायरी की प्रधान अंजू राठौर, ग्राम पंचायत देलगी की प्रधान प्रोमिला, ग्राम पंचायत कनैर के प्रधान बस्ती राम शर्मा, सीडीपीओ पवन कुमार, कार्यकारी खण्ड विकास अधिकारी कण्डाघाट मंजूला कंवर, नायब तहसीलदार ममलीग अमरचंद सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

error: Content is protected !!