हिमाचल प्रदेश के राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास तथा जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने अर्की विधानसभा क्षेत्र के कुनिहार में दो दिवसीय ‘रियासत विंटर कार्निवाल’ का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने हिमाचल की समृद्ध संस्कृति के संरक्षण और प्रचार-प्रसार में ऐसे उत्सवों की अहम भूमिका बताई।
जगत सिंह नेगी ने कहा कि हिमाचल की लोक संस्कृति पर्यटकों और प्रदेशवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रही है। उन्होंने लोक कलाकारों से अपील की कि वे अपनी कला के जरिए प्रदेश की संस्कृति को विशुद्ध रूप से लोगों तक पहुंचाएं।
राजस्व मंत्री ने कहा कि विंटर कार्निवाल जैसे कार्यक्रम युवा पीढ़ी को हिमाचली संस्कृति से जोड़ने और लोक कलाकारों की प्रतिभा को निखारने के लिए बेहतरीन मंच साबित होते हैं। प्रदेश सरकार लोक कलाकारों को उचित मंच, मानदेय और सम्मान देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम के दौरान अर्की विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि मेलों और उत्सवों में स्थानीय कलाकारों को अधिक से अधिक समय देना चाहिए, जिससे उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहन मिल सके। उन्होंने आयोजन समिति को इस पहल के लिए बधाई दी।
प्रथम सांस्कृतिक संध्या में कुमार साहिल, अर्जुन गोपाल, रंजना रघुवंशी, मास्टर लकी, श्रुति शर्मा और धर्मेंद्र सहित अन्य कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में बाघल लैंड लूजर समिति के अध्यक्ष जगदीश ठाकुर, स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान राकेश ठाकुर, कांग्रेस नेता सतीश कश्यप और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
ऐसे उत्सवों का उद्देश्य हिमाचली कला, संस्कृति और परंपराओं को सहेजते हुए नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। साथ ही, यह स्थानीय प्रतिभाओं को सशक्त मंच प्रदान कर उनके विकास में सहायक है।