स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। वह जिला शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

और ये भी पढ़ें : पुलिस कांस्टेबल भर्ती धर्मशाला 28 फरवरी स्थगित, अब 10 मार्च को होगी भर्ती

बैठक में जिला के गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने विभिन्न जनसमस्याओं पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए। मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश सरकार के निर्णय अनुसार चकौता धारकों को भूमि का मालिकाना हक जल्द दिया जाए। साथ ही, राष्ट्रीय राजमार्ग के फोरलेन कार्य के कारण क्षतिग्रस्त जल स्रोतों को संरक्षित करने की प्रक्रिया तेज करने को कहा।

और ये भी पढ़ें : ग्रामीण क्षेत्र में घरेलू उपभोक्ताओं के लिए पानी मुफ्त, सरकार ने बदला फैसला

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार

डॉ. शांडिल ने कहा कि मार्च माह तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मपुर में अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सोलन विधानसभा क्षेत्र के नौणी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के लिए सभी औपचारिकताएं 15 मार्च तक पूरी की जाएं।

उन्होंने बताया कि बहुउद्देशीय अस्पताल सोलन का 60% निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और इसे निर्धारित मानकों के अनुसार शीघ्र पूरा किया जाएगा।

सड़क व परिवहन सुविधाओं का विस्तार

बैठक में निर्णय लिया गया कि गोयला-नालागढ़, नालागढ़-परवाणू मार्ग पर प्रदेश पथ परिवहन निगम की बस सेवाओं को सुधारने और सुचारू रूप से चलाने के लिए कदम उठाए जाएंगे।

युवाओं में नशामुक्ति और जनस्वच्छता अभियान

डॉ. शांडिल ने नशा निवारण और युवाओं को इससे बचाने के लिए वृहद स्तर पर अभियान चलाने की बात कही। उन्होंने सोलन शहर को स्वच्छ बनाने के लिए आम जनता से सहयोग की अपील की।

अन्य महत्वपूर्ण निर्णय

  • क्यारी-खिन्ना संपर्क मार्ग का निर्माण 15 मार्च तक शुरू होगा।

  • राष्ट्रीय राजमार्गों पर शौचालय निर्माण की दिशा में कार्य तेज किया जाएगा।

  • प्रेशर हॉर्न के विरुद्ध जागरूकता अभियान और ‘नो हॉर्न अभियान’ चलाया जाएगा।

बैठक में कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी, उपायुक्त मनमोहन शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन, पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान, नगर निगम आयुक्त एकता काप्टा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

प्रदेश सरकार जन-जन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और सभी विभाग एकजुट होकर कार्य कर रहे हैं।

error: Content is protected !!