शिलाई विधान सभा क्षेत्र के अंतर्गत “लाधी महोत्सव” नवयुवक मंडल नैनिधार द्वारा आयोजित खेल कूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिता के समापन समारोह में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सुरेश कश्यप ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) की विभिन्न योजनाओं और दलित समुदाय के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर दिया।

कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को भारत रत्न से सम्मानित किया और उनके योगदान को मान्यता देने के लिए संविधान दिवस 26 नवंबर को मनाने की घोषणा की। उन्होंने आरोप लगाया कि 2014 से पूर्व संविधान दिवस नहीं मनाया जाता था, और कांग्रेस ने दलितों के प्रति कोई गंभीरता नहीं दिखाई। भाजपा ने डॉ. अंबेडकर की जन्मभूमि, लंदन में उनकी शिक्षा भूमि, नागपुर में दीक्षा भूमि, दिल्ली में महापरिनिर्वाण भूमि और मुंबई में चैतन्य भूमि के विकास के माध्यम से उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया है।

सुरेश कश्यप ने स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के दौरान लोकसभा का पहला दलित अध्यक्ष बनाए जाने की बात भी उठाई। उन्होंने कहा कि आज भाजपा के 71 मंत्रियों में से 10 दलित, 27 पिछड़ा वर्ग और 5 आदिवासी हैं, जो दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों को मुख्यधारा में लाने के भाजपा के प्रयासों को दर्शाता है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए 4 करोड़ घरों में से 1 करोड़ 77 लाख घर दलितों को दिए गए हैं। आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी केंद्रीय कल्याणकारी योजनाओं के सबसे अधिक लाभार्थी दलित समुदाय के लोग हैं।

यह भी पढ़ें : रचना ठाकुर के नर्सिंग ऑफिसर बनने पर समाज सेवक सुदर्शन शर्मा ने किया सम्मानित
error: Content is protected !!